किरायेदार बनकर चोरी करने वाला गिरफ्तार
कस्बे के शाहगंज मार्ग स्थित एक मकान में किराएदार बनकर रह रहे शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का गहना भी बरामद किया है। मंगलवार को थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी शाहगंज जितेन्द्र दूबे ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बक्सा थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव निवासी आरोपित अशोक कुमार गुप्ता स्थानीय कैराडीह गांव निवासी संजय यादव के मकान में किराए पर रह रहा था। 17 फरवरी की रात अशोक ने मकान मालिक के घर का दरवाजा तोड़कर उसमें रखा लाखों रुपये का गहना व नगदी पार कर दिया था। मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। इस दौरान सोमवार की शाम मुखबिर से सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने तिघरा मोड़ से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का 75 हजार रुपये, सोने की चेन, नथिया, झुमका, अंगूठी, समेत चांदी की प्लेट बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपित को चलान न्यायालय भेज दिया गया।